आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा स्टेडियम में लगा सब्जी बाजार

                                                                           


आंध्र प्रदेश: पूरे देश में 21 दिनों के लॉकडाउन के बीच सोशल डिस्टेंसिंग को सफल बनाने के लिए आंध्र प्रदेश पुलिस विजयवाड़ा के लोगों को सुरक्षित खरीदारी का अनुभव प्रदान करने के लिए एक नया तरीका लेकर आई है। एक दूसरे से उचित दूरी बनाते हुए लोग आराम से सब्जी खरीद सकें, इस बात को सुनिश्चित करते हुए इंदिरा गांधी स्टेडियम को शुक्रवार को सब्जी बाजार में तब्दील कर दिया गया।


किसानों द्वारा आस-पास के गांवों के खेतों से लाई गई ताजा सब्जियां और फलों को खरीदने के लिए सुबह छह बजे से ही लोग स्टेडियम में आने लगे।


पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लॉकडाउन का पालन करते हुए लोगों को ताजी सब्जियां उपलब्ध हो सकें। स्टेडियम में सब्जी खरीदने आए लोगों सहित सब्जी बेचने वाले भी पुलिस द्वारा किए गए इंतजामों से बेहद खुश थे। उनका कहना था कि उन्हें बेचने के लिए एक सुविधाजनक स्थान प्रदान किया गया है।